हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के रेवाड़ी जिला अध्यक्ष विजय सिंह पंच से मुलाकात की।
धनेश, रेवाड़ी/गुरुग्राम। जननायक जनता पार्टी (JJP) के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे जेजेपी के जिला रेवाड़ी अध्यक्ष विजय सिंह पंच का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य का हालचाल लिया। जिला अध्यक्ष विजय सिंह पंच अपनी बीमारी के कारण पिछले कुछ समय से गुरुग्राम के इस निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। दुष्यंत चौटाला ने अस्पताल में वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके बेड के पास जाकर मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य की जानकारी
अस्पताल में मुलाकात के दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी नेता विजय सिंह पंच का इलाज कर रहे विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से भी बातचीत की। उन्होंने डॉक्टरों से जेजेपी नेता की सेहत की मौजूदा स्थिति, चल रहे उपचार और स्वास्थ्य सुधार को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। दुष्यंत चौटाला ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। इस दौरान पार्टी के अन्य स्थानीय पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे और नेता का हौसला बढ़ाया।

