पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। देवभोग क्षेत्र में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। आज दोपहर करीब 2:20 बजे धरती हल्की कांपी, जिससे इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। लगातार आ रहे झटकों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं गरियाबंद जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आज आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, पिछले 36 घंटों के भीतर यह तीसरी बार है जब भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले बीती रात 7:20 बजे भी धरती कांपी थी। वहीं एक दिन पहले आए झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी। हालांकि झटके हल्के बताए जा रहे हैं और अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन बार-बार हो रही इस गतिविधि ने लोगों को डरा दिया है। कई ग्रामीण एहतियातन घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए।

narayana

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, हल्के झटके भूगर्भीय हलचल का संकेत हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

आकाशीय बिजली का कहर, घर के बाहर घूम रहे बच्चे की मौत

वहीं देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान क्षीरसागर यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बालक घर के बाहर घूम रहा था, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे देवभोग अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में दोपहर के समय लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H