पंचकूला। शुक्रवार देर रात पंचकूला समेत हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों व इमारतों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, भूकंप के झटके रात करीब 10:04 बजे महसूस किए गए। प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई है। भूकंप का केंद्र हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से करीब 18 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
कुछ सेकंड तक महसूस हुई कंपन
पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने कुछ सेकंड तक धरती में कंपन महसूस की। रात के समय आए इस भूकंप से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिवार एहतियातन घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।
फिलहाल नुकसान की कोई सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भूकंप को लेकर आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है हिमालयी क्षेत्र
विशेषज्ञों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय रूप से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से समय-समय पर हिमाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से किसी भी आपदा की स्थिति में सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

