सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार में शराब तस्कर अब पुलिस को चकमा देने के लिए हाईटेक तरीके अपना रहे हैं। पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी मॉडिफाइड बाइक जब्त की है, जिसकी पेट्रोल टंकी से पेट्रोल नहीं बल्कि शराब बरामद हुई। हालांकि इस दौरान बाइक सवार दो तस्कर पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस को देख भाग निकले तस्कर

दरअसल पताही थाना क्षेत्र के भंडार रोड स्थित मंगनी चौक के पास गश्ती के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार दो युवक वाहन छोड़कर भाग निकले। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि बाइक की असली पेट्रोल टंकी को मैकेनिक की मदद से खोखला कर उसमें शराब छिपाने की विशेष व्यवस्था की गई थी, जबकि बाइक चलाने के लिए अलग से छोटी बोतल में पेट्रोल की व्यवस्था की गई थी।

बाइक टंकी से 40 बोतल शराब बरामद

पुलिस ने टंकी के अंदर से 40 बोतल सोफिया शराब बरामद कर बाइक को जब्त कर लिया। अब पुलिस फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि बाइक चोरी की है या निजी। साथ ही ऐसे मॉडिफिकेशन करने वाले मैकेनिकों की भी पहचान की जा रही है।

ये भी पढ़ें- BPSC TRE पेपर लीक केस में EOU की बड़ी कार्रवाई, सीलबंद प्रश्नपत्र खोलने में माहिर आरोपी गिरफ्तार