ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोलकाता और इंदौर में अमृत ग्रुप की कंपनियों और प्रमोटरों से जुड़े करीब 17 ठिकानों पर छापेमारी की. केंद्रीय बलों के जवानों के साथ ED की टीमों ने कोलकाता के नारकेलडांगा, नेताजी नगर और रवींद्र सरोबर थाना क्षेत्रों की 6 अलग-अलग लोकेशनों पर रेड मारी, जबकि शेष 11 ठिकानों पर इंदौर में कार्रवाई जारी है. आरोप है कि ज्यादा रिटर्न का वादा कर निवेशकों से पैसे जुटाए गए, लेकिन वादा किया गया रिटर्न नहीं लौटाया गया.

ED कोलकाता ने जमीन हड़पने, दस्तावेजों और जमीन के रिकॉर्ड में धोखाधड़ी करने से जुड़े एक मामले में मंगलवार की रात को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

ED ने बुधवार को कोलकाता और मध्य प्रदेश के इंदौर में कई जगहों पर तलाशी ली. आरोप है कि कई निवेशकों के साथ धोखाधड़ी हुई थी. यह कार्रवाई निवेश से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई है. जांच एजेंसी को संदेह है कि निवेशकों से ठगे गए चिटफंड के पैसों को रियल एस्टेट और निर्माण व्यवसाय में लगाकर सफेद (Money Laundering) किया जा रहा था.

ED द्वारा गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम अमित गांगुली है, जिसने कई गैर-कानूनी तरीकों से अलग-अलग लोगों और संस्थाओं की संपत्तियों पर कब्जा किया. अमित के खिलाफ पश्चिम बंगाल पुलिस ने 23 एफआईआर दर्ज की हैं। इससे साबित होता है कि वह बार-बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.

जानकारी के अनुसार अमृत ग्रुप की कंपनियों और उनके निदेशकों ने अलग-अलग डिपॉजिट स्कीम के नाम पर आम लोगों से बड़ी रकम पर आकर्षक और ज्यादा रिटर्न देने का भरोसा दिलाकर जमा कराई. ईडी के मुताबिक, कंपनी ने वादा किए गए रिटर्न का भुगतान नहीं किया और लोगों की रकम भी वापस नहीं की. जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई.

वहीं, अभी तक ईडी की इस कार्रवाई पर टिप्पणी के लिए कंपनी या उसके प्रमोटरों से तुरंत संपर्क नहीं हो सका. कोलकाता में कुल छह जगहों पर तलाशी ली जा रही है. इसी के साथ इंदौर में भी कई जगहों पर तलाशी अभियान जारी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m