अजयारविंद नामदेव, शहडोल। प्रतिशोध की आग कितनी भयानक होती है, इसका एक सनसनीखेज उदाहरण शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में देखने को मिला है। यहाँ ग्राम देवरवा में एक बड़े भाई ने अपने ही सगे भाई की कुल्हाड़ी मारकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि 19 साल पहले उसके भाई ने अपनी ही भतीजी (बड़े भाई की बेटी) के साथ गलत काम किया था,पिता के सीने में सुलग रही बदले की यह आग करीब दो दशक बाद तब शांत हुई, जब उसने अपने छोटे भाई का खून बहा दिया।
घात लगाकर किया हमला
घटना बीते 11 मई की है। ग्राम देवरवा निवासी तुलसीदास जंगल से तेंदूपत्ता तोड़कर घर वापस लौट रहा था, रास्ते में एक सुनसान इलाके में उसका बड़ा भाई रघुनाथ पहले से ही घात लगाए बैठा था, जैसे ही तुलसीदास उस निर्जन स्थान पर पहुँचा, रघुनाथ ने आव देखा न ताव और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया,वार इतना घातक था कि तुलसीदास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, खून से लथपथ लाश देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया, ब्यौहारी पुलिस ने जब गहराई से तफ्तीश की और संदेही रघुनाथ से पूछताछ की, तो परतें दर परतें खुलती चली गईं।
19 साल पहले बड़े भाई की बेटी से किया था दुष्कर्म
पुलिस के सामने रघुनाथ ने अपना जुर्म कबूल करते हुए जो वजह बताई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया, पूछताछ में पता चला कि मृतक तुलसीदास ने करीब 19 साल पहले रघुनाथ की बेटी (अपनी सगी भतीजी) के साथ दुष्कर्म किया था। इस घिनौने अपराध के लिए तुलसीदास कई सालों तक जेल की सलाखों के पीछे रहा, पिछले वर्ष ही वह सजा काटकर जेल से रिहा होकर गाँव लौटा था। जैसे ही तुलसीदास गाँव लौटा, रघुनाथ के मन में बदले की भावना फिर से जाग उठी,उसे लगा कि जेल की सजा उसके भाई के पाप को धोने के लिए काफी नहीं थी। 11 मई को मौका पाकर रघुनाथ ने उस पुराने कलंक का हिसाब बराबर कर दिया।
आरोपी सलाखों के पीछे
ब्यौहारी पुलिस ने आरोपी रघुनाथ को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक ने जानकारी देते हुए बताया कि छोटे भाई ने लगभग 18 साल पहले भतीजी के साथ गलत काम किया था, इसी का बदला लेने के लिए बड़े भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी, जिसे गिरफ्तार न्यायालय पेश जेल भेज दिया है।

