Bihar Crime: बिहार के गोपालगंज से एक सनसनी खेज खबर सामने आई है, जहां छेड़खानी के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। मामला इतना बिगड़ गया कि लाठी, डंडे और भाला चलने लगे। इस हिंसक लड़ाई में एक बुजुर्ग की भाला लगने से मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान राजदेव कुशवाहा (65) के रूप में हुई है।
हिंसक विवाद में तब्दील हुई कहासुनी
पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार दो पक्षों के बीच छेड़खानी के विवाद को लेकर कहासुनी हो रही थी। देखते ही देखते यह कहासुनी एक हिंसक विवाद में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से जमकर मारपीट होने लगी। इस बीच अचानक कुछ लोग वहां लाठी, डंडे और भाला लेकर पहुंचते हैं और एक पक्ष पर ताबड़तोड़ हमला करना चालू कर देते हैं।
भाला लगने से बुजुर्ग की मौत
इस दौरान भाला लगने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षियों के अनुसार भाला से घायल होने के बाद भी मनबढ़ लाठी-डंडों से उनकी पिटाई करते रहे। कुछ देर बाद परिजन आनन-फानन में खून से लथपथ हालत में बुजुर्ग को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, इस खूनी झड़प में घायल आधा दर्जन से अधिक लोगों का गोलापलगंज मॉडल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अब तक चार लोग गिरफ्तार
उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की असली वजह क्या थी, लेकिन प्रारंभिक जांच में छेड़खानी को लेकर तनाव की बात सामने आ रही है।
घटना को लेकर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि प्यारेपुर गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ज्यादा आक्रामक तरीके से हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें- ‘आवाज दो’ अभियान के तहत सारण में SSP का बड़ा ऑपरेशन, 20 नाबालिग मुक्त, 11 आरोपी गिरफ्तार

