झज्जर। जिले के गांव किलड़ौध में नाली की सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट तक पहुंच गया। पड़ोस में रहने वाले लोगों पर आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों से वीर सिंह चौहान और उनकी पत्नी शशि देवी पर हमला कर दिया। घटना की तस्वीरें पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं, जिनमें मारपीट की पूरी वारदात कैद बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि वीर सिंह अपने घर के सामने गंदे पानी की नाली साफ कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने के बाद कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और वीर सिंह तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। वीर सिंह को उपचार के लिए सिविल अस्पताल झज्जर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं शशि देवी को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, उनका बेटा नीतू चौहान भारतीय वायुसेना में सोल्जर के पद पर तैनात है। घटना की जानकारी उसे मिलने के बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। परिवार की ओर से भारतीय वायुसेना के हेड ऑफिस को भी घटना से अवगत कराया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लिया है। फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस कार्रवाई के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

