बरनाला। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक गांव फरवाही स्थित घर को रविवार तड़के हथियारबंद हमलावरों ने निशाना बनाया। बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों ने घर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

बताया जा रहा है कि फायरिंग की यह घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। CCTV फुटेज में तीन युवक एक बाइक पर घर के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। घर के बाहर पहुंचने के बाद बाइक रोकते ही बीच में बैठे युवक ने पिस्टल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने भी गोलियां चलाईं।

हमलावरों ने घर के गेट को निशाना बनाते हुए करीब 5 से 8 राउंड फायर किए। गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद तीनों युवक बाइक से ही वहां से निकल गए। हमलावरों ने चेहरे ढके हुए थे, जिसके चलते उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

राहत की बात यह रही कि जिस समय फायरिंग हुई, गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार के किसी सदस्य को भी गोली नहीं लगी और सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, घर के बाहर हुई इस फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर को निशाना बनाने के पीछे वजह क्या थी। फिलहाल हमले के पीछे किसी व्यक्ति या गैंग का नाम आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।

सिद्धू मूसेवाला से रहा है करीबी जुड़ाव

गुलाब सिद्धू पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के साथ भी उन्होंने काम किया था। दोनों के बीच पेशेवर सहयोग के साथ करीबी संबंध भी रहे हैं। गुलाब सिद्धू कई मौकों पर सिद्धू मूसेवाला को अपना मेंटर बता चुके हैं।

सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को हत्या कर दी गई थी। उनके निधन के बाद भी गुलाब सिद्धू सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें न्याय दिलाने की मांग उठाते रहे हैं।

गुलाब सिद्धू ने पंजाबी संगीत के अलावा अभिनय के क्षेत्र में भी काम किया है। वह पंजाबी फिल्म ‘जुदा’ में नजर आ चुके हैं। इस फिल्म में अभिनेत्री जैस्मीन भसीन ने भी काम किया था।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m