ODISHA DESK, भुवनेश्वर: ओड़िशा के पर्यटन स्थलों को अधिक पर्यावरण-अनुकूल और आकर्षक बनाने के लिए ओड़िशा पर्यटन विकास निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों पर अब पारंपरिक डीजल नावों की जगह इलेक्ट्रिक बोट या कैटामारन चलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस सस्टेनेबल टूरिज्म योजना के तहत 5 ईवी बोट्स के संचालन के लिए OTDC ने एजेंसियों को आमंत्रित करते हुए टेंडर जारी किया है।

भुवनेश्वर स्थित OTDC के पांथनिवास कार्यालय से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में राज्य के 4 प्रमुख पर्यटन स्थलों को चुना गया है। उनमें कोलाब,हीराकुद, भितरकनिका और चिल्का का बरकुल शामिल है।

OTDC अधिकारियों के मुताबिक, पारंपरिक डीजल नावों से निकलने वाले धुएं और ध्वनि प्रदूषण के कारण जल में रहने वाले जीवों और प्रकृति पर बुरा असर पड़ रहा था। इन इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक नावों के चलने से जलमार्ग साफ रहेंगे और प्रदूषण में भारी कमी आएगी। इसके साथ ही, बिना शोर-शराबे का यह सफर पर्यटकों को बोटिंग का एक बिल्कुल अलग और शांत अनुभव देगा। यह परियोजना ओड़िशा के ग्रीन टूरिज्म के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगी।

इस पूरी प्रक्रिया की देखरेख OTDC के डिविजनल मैनेजर कर रहे हैं। शुरुआती सेटअप का काम पूरा करने के लिए टेंडर में एक महीने की समय सीमा तय की गई है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पिछले 28 अप्रैल से शुरू होकर 19 मई 2026 को समाप्त हो चुकी है। जल्द ही योग्य एजेंसी का चयन होने के बाद पर्यटक इन बिजली से चलने वाली अत्याधुनिक नावों का आनंद ले सकेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m