टुंडी (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर दहशत पैदा कर दी है। टुंडी और गिरिडीह जिले के पीरटांड़ सीमा क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने हमला कर 46 वर्षीय सहायक अध्यापक गिरजा मुर्मू की जान ले ली। घटना टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र के जांताखूंटी पंचायत अंतर्गत गुलियाडीह गांव की बताई जा रही है।
35 हाथियों का झुंड इलाके में मौजूद
जानकारी के अनुसार, करीब 35 जंगली हाथियों का झुंड अपने एक नन्हे बच्चे के साथ पिछले 36 घंटे से क्षेत्र में मौजूद है। हाथियों का झुंड बराकर नदी पार कर गिरिडीह के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
बताया जा रहा है कि बराकर नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण हाथियों का झुंड नदी पार नहीं कर सका और इलाके में ही रुका हुआ है। इसी दौरान हाथियों ने हमला कर सहायक अध्यापक गिरजा मुर्मू को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों में दहशत, निगरानी बढ़ाने की जरूरत
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों में भय बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और जंगल अथवा नदी किनारे अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे जाने की जरूरत है, ताकि झुंड को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से दूर किया जा सके।


