मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं ने SIR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। राहुल गांधी की ओर से दायर याचिका आधिकारिक रूप से रजिस्टर हो गई है। इसके बाद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सुप्रीम कोर्ट से बाहर निकल गए हैं. उनके साथ अभिषेक मनु सिंघवी भी मौजूद थे. याचिका में SIR कराने के फैसले को अमान्य घोषित करने की मांग की गई है. साथ ही, याचिका में SIR की प्रक्रिया को ECI की ओर से शक्तियों के गलत इस्तेमाल के तौर पर देखते हुए इसकी कानूनी वैधता पर विचार करने की मांग की गई है.
इससे पहले दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक पैदल मार्च किया था. मार्च में राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता शामिल हुए थे. मार्च में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे.
हालांकि, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है. इसके बावजूद कांग्रेस ने लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है. राहुल गांधी ने बताया कि आज वे और INDIA ब्लॉक के सांसद सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और याचिका दायर करेंगे.
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आशुतोष रांका और सौरव दास ने सोमवार को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाकर पुलिस से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए तारीख तय करने की मांग की है. CJP ने अल्टीमेटम दिया है कि दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख दे, ऐसा नहीं होने पर सीजेपी एक बार फिर प्रदर्शन का आह्वान करेगी.
INDIA ब्लॉक के मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए हैं. DMRC के मुताबिक, इन स्टेशनों में पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड शामिल है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

