Business Desk- Elon Musk-Shivon Zilis Breakup : टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO इलॉन मस्क और उनकी भारतीय मूल की पार्टनर शिवॉन जिलिस का रिश्ता खत्म हो गया है। न्यूरालिंक की एग्जीक्यूटिव शिवॉन जिलिस ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को X पर पोस्ट कर ब्रेकअप की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि मस्क ने रिश्ता अचानक खत्म कर दिया और उन्हें इसकी कोई पहले से जानकारी या चेतावनी नहीं मिली थी। यह खुलासा तब हुआ, जब सोशल मीडिया यूजर्स ने नोटिस किया कि मस्क ने X पर जिलिस को अनफॉलो कर दिया है।
एक हफ्ते पहले तक दोनों के बीच हुई थी ‘I Love You’ वाली चैट
जिलिस ने X पर लिखा कि एक हफ्ते में प्यार से अलग होने तक पहुंचना और वह भी बिना किसी चेतावनी के, उनके लिए मुश्किल था। उन्होंने मस्क के साथ हुई हालिया चैट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। इसमें दोनों के बीच प्यार भरी बातचीत दिखाई दे रही है। स्क्रीनशॉट के मुताबिक, 24 सितंबर को दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इजहार किया था।

जिलिस ने कहा कि वह इस ब्रेकअप से दुखी हैं, लेकिन अब भी मस्क की बहुत परवाह करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों आगे भी अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने चारों बच्चों की साथ में परवरिश करेंगे।
चीन के राष्ट्रपति से जुड़े डिनर का भी चैट में जिक्र
जिलिस की शेयर की गई चैट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से जुड़े एक डिनर का भी जिक्र है। मस्क ने लिखा था कि उन्हें पता नहीं था कि इस डिनर में पार्टनर्स को भी बुलाया गया है, वरना वे जिलिस को जरूर बुलाते। यह बातचीत 24 सितंबर की बताई गई है।
दोनों के 4 बच्चे, 2021 से 2025 के बीच जन्म
इलॉन मस्क और शिवॉन जिलिस के चार बच्चे हैं। इनमें नवंबर 2021 में पैदा हुए जुड़वां बच्चे स्ट्राइडर और एज्योर, 2024 में जन्मी बेटी अर्काडिया और फरवरी 2025 में जन्मा बेटा सेल्डन लाइकर्गस शामिल हैं। सेल्डन के जन्म की जानकारी जिलिस ने फरवरी 2025 में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी थी।
मस्क के कुल 14 ज्ञात बच्चे हैं, जो अलग-अलग रिश्तों से हैं। जिलिस ने अपने पोस्ट में कहा कि वह अपने चार बच्चों के लिए बेहद आभारी हैं और चाहती हैं कि वह और मस्क आगे भी अच्छे दोस्त और सह-पालक यानी co-parents बने रहें।
कौन हैं शिवॉन जिलिस?
शिवॉन जिलिस टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव हैं और न्यूरालिंक में डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस एंड स्पेशल प्रोजेक्ट्स के तौर पर काम करती हैं। वह पहले OpenAI, Tesla और मस्क से जुड़ी दूसरी कंपनियों में भी काम कर चुकी हैं। वह कनाडा में जन्मी हैं और भारतीय मूल की हैं।
मस्क के रिश्तों में पहली बार नहीं हुआ ब्रेकअप
इलॉन मस्क इससे पहले जस्टिन विल्सन से शादी कर चुके हैं। दोनों के छह बच्चे हुए, जिनमें से एक की शिशु अवस्था में मौत हो गई थी। इसके बाद मस्क ने ब्रिटिश एक्ट्रेस तालुलाह रिले से दो बार शादी की। दोनों के कोई बच्चे नहीं हैं।
मस्क का एक्ट्रेस एम्बर हर्ड के साथ भी रिश्ता रहा। इसके अलावा सिंगर ग्रिम्स के साथ उनके तीन बच्चे हैं। मस्क और ग्रिम्स 2018 में रिलेशनशिप में आए थे और बाद में अलग हो गए। शिवॉन जिलिस के साथ उनके चार बच्चे हैं।
मस्क के 14 बच्चे, ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील भी करते रहे
मस्क लंबे समय से घटती जन्मदर को लेकर चिंता जताते रहे हैं। 2021 में उन्होंने कहा था कि अगर लोग ज्यादा बच्चे पैदा नहीं करेंगे तो सभ्यता के खत्म होने का खतरा है। 2022 में उन्होंने कम जन्मदर को सभ्यता के लिए बड़ा खतरा बताया था। 2024 में भी उन्होंने लोगों से कम से कम तीन बच्चे पैदा करने की सलाह दी थी।
इस बीच फरवरी 2025 में अमेरिकी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एश्ले सेंट क्लेयर ने दावा किया था कि वह मस्क के एक बेटे की मां हैं। इस दावे के बाद मस्क की निजी जिंदगी और उनके बच्चों को लेकर चर्चा और बढ़ गई थी।

