गुहला-चीका। चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले में कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी को ढांड क्षेत्र में एक पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी रजत के रूप में हुई है, जिस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सूचना के बाद पुलिस ने घेरा, आरोपी ने की फायरिंग

कैथल की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रजत ढांड क्षेत्र में मौजूद है और दोबारा उसी दुकानदार को निशाना बनाने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक से भागने लगा और नेशनल हाईवे-152डी पुल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी, अस्पताल में भर्ती

पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

विदेशी कनेक्शन: अमेरिका में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर चली गोली

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह फायरिंग अमेरिका में बैठे गैंग सरगना साहिल भागल के इशारे पर की गई थी। साहिल भागल कुरुक्षेत्र और आसपास के इलाकों में फिरौती मांगने और फायरिंग की वारदातों में वांछित अपराधी है। आरोपी रजत ने पूछताछ में स्वीकार किया कि दुकानदार द्वारा फिरौती की रकम न देने के कारण उसे दोबारा डराने के लिए हमले की योजना बनाई गई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही प्रेस वार्ता कर पूरे नेटवर्क का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।