राकेश चतुर्वेदी/ भोपाल, अशोकनगर। संगठित साइबर ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के विरुद्ध अशोकनगर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो अन्य मुख्य आरोपियों, निखिल वाल्मीकि और गुना निवासी जयदीप सेन उर्फ जेडी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम जाल और फर्जी क्राइम ब्रांच का खेल
यह पूरा मामला एक पीड़िता की शिकायत के बाद सामने आया। आरोपियों आदित्य सिंह तोमर, आयुषी चौहान, आर्यन सोनी, आकाश चौहान ने पहले पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर पीड़िता से करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी की। कोतवाली पुलिस ने इस पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
लग्जरी शौक और 70 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस पहले ही चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर ले चुकी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम से महिन्द्रा थार, सोने-चांदी के जेवर, आईफोन और एप्पल नोटबुक जैसे महंगे शौक पूरे किए जा रहे थे। पुलिस अब तक 70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। हाल ही में पकड़े गए आरोपी निखिल के पास से वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। ये दोनों आरोपी आकाश चौहान के इशारे पर फर्जी अधिकारी बनकर ब्लैकमेलिंग की रकम ठिकाने लगाते थे।

