एटा के अलीगंज में किराना दुकानदार और उसके परिजनों से कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. पीड़ित पक्ष ने पुलिसकर्मियों पर डंडों से मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने विवाद की वजह दुकान बंद करने को बताया है.

एटा. अलीगंज कस्बे के लुहारी दरवाजा मोहल्ले में किराना दुकानदार और उसके परिजनों से कथित मारपीट के मामले में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. 22 सितंबर की रात हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. इलामारन ने कार्रवाई की और विभागीय जांच शुरू कराई.

सामान की कीमत पर विवाद

पीड़ित दुकानदार सलमा बेगम के मुताबिक, रात करीब साढ़े 10 बजे अलीगंज थाने में तैनात बताए जा रहे सिपाही संदीप एक अन्य व्यक्ति के साथ उनकी किराना दुकान पर पहुंचे थे. सामान की कीमत मांगने को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि विरोध करने पर उनके पति अलीम के साथ मारपीट की गई.

परिजनों का आरोप है कि इसके बाद सिपाही के फोन करने पर कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे. आरोप है कि ये पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और उन्होंने अलीम तथा उनके परिजनों के साथ डंडों से मारपीट की.

वीडियो हुआ वायरल

घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग डंडे लेकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. सलमा बेगम ने आरोप लगाया कि संबंधित सिपाही शराब के नशे में था और उनके साथ भी अभद्रता की गई.

मारपीट में अलीम और उनके भाई के घायल होने की बात कही गई है. पीड़ित परिवार के अनुसार, उपचार के लिए उन्हें अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ा, जहां उपचार को लेकर पुलिस की अनुमति की बात कही गई.

पुलिस ने बताया दूसरा कारण

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि विवाद दुकान बंद करने को लेकर हुआ था. वहीं पीड़ित पक्ष ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत एसएसपी से की और पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए.

शिकायत और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. इलामारन ने पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया. मामले में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई भी शुरू की गई है.

सीओ अलीगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.