एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र में भदुआ गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है.

एटा. के पिलुआ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भदुआ गांव के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक राहुल की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शिक्षक को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पिलुआ थाना प्रभारी संदीप राणा के अनुसार, राहुल कासगंज के सुमंत कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. गुरुवार शाम वह कॉलेज के किसी काम से अलीगढ़ गए थे और देर रात बाइक से एटा स्थित अपने घर लौट रहे थे.

टक्कर के बाद फरार

पुलिस के मुताबिक, भदुआ गांव के पास हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने राहुल की बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल राहुल को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है.

हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचे. शिक्षक की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इसके जरिए हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.