इटावा में बंद कमरे के अंदर बक्से से 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ है, जबकि उनकी बेटी पूजा कई दिनों से लापता बताई जा रही है. दूसरी ओर, हमीरपुर में सात दिन से लापता 19 वर्षीय युवक का शव मिला है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
इटावा. जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी में एक बंद कमरे के अंदर रखे बक्से से 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला है. शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था, जिससे कमरे में तेज दुर्गंध फैल रही थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
सूचना पर पहुंची पुलिस
कमरे से आ रही दुर्गंध के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद एसपी सिटी बबीता सिंह, सीओ सिटी अवनीश सिंह और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की.
अपर पुलिस अधीक्षक नगर इटावा बबीता सिंह के मुताबिक, बंद कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. दरवाजा खोलने पर बक्से के अंदर शव मिला. शुरुआती स्थिति में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
चार टीमें कर रहीं जांच
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं. जांच में घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने की कोशिश की जाएगी.
मृतक की बेटी पूजा के कई दिनों से लापता होने की जानकारी भी सामने आई है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल बेटी के लापता होने और पिता का शव मिलने के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है. मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.
हमीरपुर में युवक का शव मिला
दूसरी ओर, हमीरपुर जिले में सात दिन से लापता 19 वर्षीय युवक का शव रविवार शाम बरामद हुआ. शव राठ कोतवाली क्षेत्र में सरसेंडा और छिराबल गांव के बीच मिला.
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. युवक के भाई का आरोप है कि एक युवक उसे अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से उसका पता नहीं चला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

