रोहतक। पूर्व नेशनल मेडलिस्ट रेसलर अमित श्योराण को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तार किया है। आरोपी को 18 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से घेराबंदी करके दबोचा गया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अमित दिल्ली और हरियाणा के अखाड़ों में पहलवानों को अफीम की सप्लाई करता था। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए झारखंड पुलिस को सौंप दिया है।

मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से पुलिस ने दबोचा

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि अमित श्योराण रानीबाग-पीतमपुरा इलाके में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने आने वाला है। इसी गुप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास जाल बिछाया। जैसे ही अमित वहां पहुंचा, संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। अमित पर झारखंड के धुर्वा थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज था और 6 दिसंबर 2023 को कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

2013 में जीता था नेशनल कैडेट चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज

1994 में रोहतक के एक साधारण परिवार में जन्मे अमित ने साल 2008 में 14 वर्ष की उम्र में कुश्ती की शुरुआत की थी। लगातार अभ्यास के बाद उसने कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। साल 2013 में कन्याकुमारी में आयोजित नेशनल कैडेट रेसलिंग चैंपियनशिप में उसने ब्रॉन्ज मेडल (तीसरा स्थान) जीता था। कुछ साल कुश्ती लड़ने के बाद वह दिल्ली के बार और नाइट क्लबों में बाउंसर की नौकरी करने लगा था।

अखाड़ों तक ऐसे फैलाया अफीम तस्करी का जाल

ज्यादा पैसे कमाने के लालच में अमित ड्रग सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ गया। सबसे पहले वह रंजीत नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने उसकी मुलाकात रांची के अफीम तस्करों से कराई। वहां से अफीम खरीदकर वह हरियाणा और दिल्ली के अखाड़ों में सप्लाई करने लगा। अमित को यह अफीम झारखंड के तस्कर राजेश नाग से मिलती थी। पुलिस ने राजेश नाग को 20 अप्रैल 2023 को 492 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था।

आरोपी पर दर्ज हैं कुल 6 आपराधिक मामले

झारखंड पुलिस द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद से ही पुलिस अमित की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमित श्योराण पर हत्या, हत्या की साजिश, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m