Odisha Desk, कोरापुट: ओडिशा पुलिस के साउथ वेस्टर्न रेंज (SWR) ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के लिए संविदा के आधार पर रोजगार का एक बड़ा अवसर प्रदान किया है। पुलिस विभाग ने सहायक उप-निरीक्षकों (ASI), उप-निरीक्षकों (SI) और पुलिस निरीक्षकों (Inspectors) से विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के 113 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

यह भर्ती प्रक्रिया राज्य के 6 दक्षिण-पश्चिमी जिलों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। कुल 113 पदों में से सबसे अधिक 24 पद रायगढ़ा जिले के लिए हैं। इसके अलावा कोरापुट में 22, मलकानगिरी में 20, कलाहांडी में 18, नबरंगपुर में 16 और नुआपाड़ा जिले में 13 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य पूर्व पुलिसकर्मी अपना आवेदन पत्र उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG), साउथ वेस्टर्न रेंज, कोरापुट के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

अंतिम तिथि: आवेदन पत्र 15 अक्टूबर 2026 की शाम 5:30 बजे तक डीआईजी कार्यालय पहुंच जाने चाहिए। तय समय सीमा के बाद या अधूरे भरे गए आवेदनों को खारिज कर दिया जाएगा।

आयु सीमा व निवास: आवेदक ओडिशा का स्थायी निवासी होना चाहिए और विज्ञापन जारी होने की तिथि तक उसकी आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।

योग्यता: उम्मीदवार को उड़िया भाषा बोलने, पढ़ने और लिखने में पूरी तरह सक्षम होना चाहिए। साथ ही, उसका सेवा रिकॉर्ड बेदाग होना चाहिए तथा उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित या दर्ज नहीं होना चाहिए।

28 अक्टूबर को होगा चयन परीक्षण

शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के लिए चयन परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 को सुबह 6:30 बजे रिज़र्व पुलिस ग्राउंड, कोरापुट में आयोजित की जाएगी। चयन प्रक्रिया में मूल दस्तावेजों का सत्यापन, चिकित्सा जांच, शारीरिक परीक्षण और साक्षात्कार शामिल होगा।

शारीरिक परीक्षण के दौरान उम्मीदवारों को 1 घंटे के भीतर 5 किलोमीटर की दूरी पैदल चलकर पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में दूरी तय न कर पाने वाले अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

चयनित अधिकारियों को 1 वर्ष के लिए संविदा के आधार पर फिर से सेवा में लिया जाएगा। उन्हें निर्धारित पुलिस वर्दी और बैज पहनना अनिवार्य होगा। उनका मानदेय ओडिशा सरकार के वित्त विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार दिया जाएगा।

इच्छुक उम्मीदवार आवेदन पत्र और विस्तृत विज्ञापन ओडिशा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट police.odisha.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H