हेमंत शर्मा, इंदौर। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और आबकारी निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी के बाद इंदौर आबकारी विभाग ने भी कार्रवाई तेज करने का दावा किया है। सागर के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से कई मौतों के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। इंदौर में अब आबकारी विभाग के आंकड़े सामने आए हैं। विभाग के मुताबिक 1 अप्रैल से अब तक करीब 4 करोड़ रुपए कीमत की शराब जब्त की जा चुकी है और 100 से ज्यादा वाहन पकड़े गए हैं। इतना ही नहीं, जून में अवैध शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री भी पकड़े जाने का दावा किया गया है।

3 दिन में 109 प्रकरण! 400 लीटर शराब भी जब्त

असिस्टेंट कमिश्नर आबकारी अभिषेक तिवारी के मुताबिक 6, 7 और 8 सितंबर को चलाए गए विशेष अभियान में करीब 109 प्रकरण दर्ज किए गए और लगभग 400 लीटर शराब जब्त की गई।यानी सिर्फ तीन दिन की कार्रवाई में ही विभाग के सामने अवैध शराब से जुड़े मामलों का बड़ा आंकड़ा आया।

6 महीने में 4 करोड़ की शराब और 100 से ज्यादा वाहन

आबकारी विभाग के मुताबिक 1 अप्रैल से अब तक करीब 4 करोड़ रुपए की शराब पकड़ी गई है।इसके साथ ही 100 से ज्यादा वाहनों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।जून में एक ऐसी फैक्ट्री पकड़े जाने की भी जानकारी दी गई है, जहां कथित तौर पर अवैध शराब तैयार की जा रही थी।अब यह आंकड़ा विभाग की सक्रियता दिखाता है या इंदौर में अवैध शराब के बड़े नेटवर्क की गहराई-यह सवाल भी उतना ही बड़ा है।

नेटवर्क के बड़े खिलाड़ी भी निशाने पर आएंगे?

पूरे जिले में 12 टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।खास तौर पर दूसरे जिलों से इंदौर को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों और टोल नाकों पर निगरानी बढ़ाई गई है।विभाग ने बेटमा, बायपास, पिगडंबर और सांवेर जैसे मार्गों पर 24 घंटे निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।अब सिर्फ शराब पकड़ना नहीं, पूरा नेटवर्क तलाशने के निर्देशइस कार्रवाई का सबसे अहम हिस्सा सिर्फ शराब जब्ती नहीं है।डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को ऐसे स्थानों की लिस्टिंग करने के निर्देश दिए हैं जहां अवैध शराब का निर्माण या परिवहन होने की आशंका है।

पूरी चेन तक पहुंचने का दावा

इसके अलावा शराब के अवैध कारोबार से जुड़े कथित माफिया और सक्रिय नेटवर्क को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।यानी अब आबकारी विभाग का फोकस सिर्फ सड़क पर शराब लेकर जा रहे व्यक्ति को पकड़ने तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि शराब कहां बन रही है, कहां से आ रही है और किस नेटवर्क के जरिए खपाई जा रही है-इस पूरी चेन तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

सागर जैसी त्रासदी इंदौर में न हो

सागर के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों को निलंबित किए जाने की खबर भी सामने आई है। ऐसे में इंदौर आबकारी विभाग पर भी यह दबाव साफ दिखाई दे रहा है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई दे।हाल ही में इंदौर में आबकारी विभाग द्वारा एक बड़े ऑपरेशन में 470 पेटी और करीब 4,151 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त किए जाने की भी रिपोर्ट सामने आई थी। आबकारी विभाग का कहना है कि कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और डिप्टी कमिश्नर के निर्देश के मुताबिक आने वाले दिनों में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री से जुड़े ठिकानों पर और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m