कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एथनॉल मिक्स्ड पेट्रोल की वजह से एक युवती की स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर बेकाबू हो गई, जिसके बाद युवती वाहन सहित एक खुली लिफ्ट के गड्ढे में जा गिरी।
इतनी तेज रफ्तार पकड़ी कि वह संभल नहीं पाईं
दरअसल दानाओली निवासी दीप्ति माथुर नगर निगम ऑफिस सिटीसेन्टर से मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर वापस घर लौट रही थीं। कल मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के कारण ट्रैफिक को रोका गया था। ऐसे में स्कूटी को वापस लौटाने के दौरान दीप्ति ने स्कूटी स्टार्ट की, तभी अचानक एक्सीलेटर ने इतनी तेज रफ्तार पकड़ी कि वह संभल नहीं पाईं और पास ही स्थित एक खुली लिफ्ट के चैंबर में स्कूटी समेत गिर गईं। हादसा होते ही वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को बाहर निकाला। दीप्ति को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुराने वाहनों के इंजन इस प्रणाली के लिए तैयार नहीं
इस घटना ने एथनॉल युक्त पेट्रोल के खतरों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। तकनीकी जानकारों और लगातार सामने आ रहे मामलों के अनुसार, पेट्रोल में एथनॉल की बढ़ती मात्रा पुराने वाहनों के कार्बोरेटर को खराब कर रही है। इससे वाहनों में अचानक एक्सीलेटर बढ़ने या झटके लेकर बंद होने की समस्या आ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में मिल रहा एथनॉल मिक्स्ड पेट्रोल मुख्य रूप से नए BS-6 (E20 compliant) वाहनों को ही सपोर्ट कर रहा है। पुराने वाहनों के इंजन और ईंधन प्रणाली इस मिश्रण के लिए तैयार नहीं हैं, जिससे इस तरह के जानलेवा हादसे हो रहे हैं।

