इंद्रपाल सिंह, इटारसी। इटारसी के नाला मोहल्ला भगत सिंह नगर में एक दर्दनाक हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घर में खाना बनाते समय हुए एक रहस्यमयी विस्फोट में युवक का एक हाथ का पंजा शरीर से अलग हो गया, जबकि उसका दूसरा हाथ, पेट और एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। घायल युवक को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नाला मोहल्ला स्थित भगत सिंह नगर में यह हादसा हुआ। घायल युवक की पहचान अनिकेत (23 वर्ष) पिता संजू के रूप में हुई है। घटना के संबंध में घायल के भाई सौरभ ने बताया कि हादसे के वक्त घर पर कोई नहीं था, परिवार के सभी सदस्य बाजार गए हुए थे। घर पर अकेला अनिकेत छोटे गैस सिलेंडर पर खाना बना रहा था, इसी दौरान यह अचानक बड़ा विस्फोट हो गया। हालांकि, विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी असली वजह क्या थी, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि नाला मोहल्ला क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक अत्याधिक रूप से गंभीर होने के कारण वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुए एफएसएल टीम द्वारा जांच करवाई जा रही है। कल फिर फोरेंसिक टीम जांच करेगी कि आखिर विस्फोट किस चीज से हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

