कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। फर्जी एक्सीडेंट क्लेम के जरिए करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में सीबीआई (CBI) भोपाल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वालियर के दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज (फर्जी डॉक्यूमेंट्स) तैयार करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की है।

4.30 करोड़ का घोटाला, 411 क्लेम किए पास

यह पूरी कार्रवाई ‘द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी’ की शिकायत पर की गई है। कंपनी के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक मयंक कुमार झा द्वारा सौंपी गई लिखित शिकायत और आंतरिक जांच रिपोर्ट के बाद सीबीआई हरकत में आई। आरोपियों ने साल 2021 से 2024 के बीच ऑनलाइन पोर्टल और ऑटो-टाइप सिस्टम की कमियों का फायदा उठाकर पुरानी तस्वीरों और फर्जी बिलों के सहारे कुल 411 बीमा क्लेम पास करवा लिए और करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये हड़प लिए।

गिरोह में सर्वेक्षक और गैरेज मालिक भी शामिल

सीबीआई की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस सुनियोजित फर्जीवाड़े में केवल बाहरी लोग ही नहीं, बल्कि टेक्निकल एक्सपर्ट्स भी शामिल थे। आरोपियों ने सर्वेक्षक (Surveyor) और गैरेज मालिकों के साथ मिलकर इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया।

सरकारी कर्मचारियों पर भी संदेह

इस मामले में कई अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों के शामिल होने की भी आशंका जताई जा रही है। सीबीआई अब उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है जिनके जरिए बिना भौतिक सत्यापन (Physical Verification) के इतनी बड़ी संख्या में फर्जी क्लेम पास होते रहे। आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m