फरीदाबाद। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित दीपाली एन्क्लेव में क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने बिना लाइसेंस संचालित एक अवैध आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में आयुर्वेदिक दवाइयां और पैकिंग मशीनें बरामद की गईं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फैक्ट्री में मौजूद एक कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी संदीप मौके से फरार हो गया।
राजमिस्त्री था पहले, खोल ली दवाई फैक्ट्री
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के पास दवा निर्माण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद वह बड़े स्तर पर दवाइयों का निर्माण कर ऑनलाइन बिक्री भी कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले राजमिस्त्री का काम करता था और अब अवैध तरीके से दवाइयों का कारोबार चला रहा था। छापेमारी में बरामद दवाइयों की अनुमानित कीमत 50 से 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

फरार आरोपी की तलाश में कर रहे हैं छापेमारी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने दिल्ली, सोनीपत और फरीदाबाद के आयुर्वेदिक विभागों के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार दवाइयां, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

