हरदोई जिले की शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने मौलागंज बस स्टैंड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर नकली नोटों से शराब खरीदने का प्रयास कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है. सतर्क सेल्समैन ने 100 और 200 रुपये के जाली नोट पहचानकर दोनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
हरदोई. जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मौलागंज बस स्टैंड के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर नकली नोटों के जरिए शराब खरीदने पहुंचे दो युवकों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है. दुकान के सतर्क सेल्समैन ने नोट पहचानकर दोनों को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
सतर्क सेल्समैन ने पकड़ा
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि शाहाबाद के खेड़ा गंजहा निवासी आमिर और महुआ टोला निवासी सुमित मौलागंज बस स्टैंड स्थित ठेके पर शराब लेने आए थे. आरोपियों ने काउंटर पर 200 रुपये के दो और 100 रुपये का एक नोट सेल्समैन को दिया. इलाके में पहले से ही जाली नोटों के चलने से सावधान सेल्समैन ने नोटों की जांच की और उनके नकली होने की पुष्टि होते ही तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया.
नेटवर्क की तलाश में पुलिस
मौके पर पहुंची शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर 500 रुपये मूल्य के जाली नोट जब्त कर लिए. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें ये नोट दिलेर गंज मोहल्ला निवासी मुकेश नाम के व्यक्ति ने दिए थे. पुलिस अब मुकेश की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और इलाके में फैले जाली नोटों के पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है.



