कोडरमा। कोडरमा के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। ‘उत्कर्ष गुप्ता आईएएस’ नाम से बनाई गई इस संदिग्ध प्रोफाइल से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट और मैसेज भेजे जाने की जानकारी जिला प्रशासन को मिली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
आर्थिक मदद के नाम पर हो सकती है ठगी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त अपनी निजी फेसबुक आईडी से किसी नागरिक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर आर्थिक सहायता, धनराशि या व्यक्तिगत जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध नहीं करते हैं।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि यदि उपायुक्त के नाम या फोटो वाली किसी संदिग्ध आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज, कॉल अथवा पैसों या निजी जानकारी से जुड़ा कोई अनुरोध प्राप्त होता है, तो उस पर भरोसा न करें।
बैंक डिटेल, OTP और निजी जानकारी साझा न करें
प्रशासन ने अपील की है कि फर्जी आईडी से आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें। किसी भी स्थिति में बैंक खाता, ATM कार्ड की जानकारी, OTP, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।संदिग्ध फेसबुक प्रोफाइल को तत्काल रिपोर्ट कर ब्लॉक करने की सलाह भी दी गई है।

साइबर ठगी की आशंका हो तो तुरंत दें सूचना
यदि किसी व्यक्ति को इस फर्जी आईडी के जरिए साइबर ठगी या किसी अन्य साइबर अपराध की आशंका होती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या साइबर थाना को देने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अधिकारियों के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिशों से सावधान रहने की जरूरत है।


