Odisha Desk, भुवनेश्वर: कमिश्नरेट पुलिस ने राजधानी भुवनेश्वर में व्यापारियों और दुकानदारों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर फर्जी आईएएस (IAS) अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को जिला सब-कलेक्टर बताकर लोगों पर धौंस जमाता था और धोखाधड़ी करता था। पुलिस ने आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी बरदा सुधीर के रूप में की है।
आरोपी सुधीर एक फर्जी आईएएस पहचान पत्र का इस्तेमाल करता था। इसी के दम पर वह महंगे होटलों में ठहरता था, लग्जरी गाड़ियां किराए पर लेता था और प्रीमियम सामानों की खरीदारी करता था। भुगतान के समय वह दुकानदारों को ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की फर्जी और एडिट की गई रसीदें दिखाकर रफूचक्कर हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक, सुधीर के खिलाफ राज्य के कई जिलों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से ठगी का धंधा शुरू कर दिया था। हालांकि, बार-बार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों को उस पर शक होने लगा था।
मंगलवार को आरोपी ने शहीद नगर इलाके की एक चश्मे की दुकान से कीमती चश्मा खरीदा और पैसे देने से मना कर दिया। जब दुकानदार ने पैसों के लिए दबाव बनाया, तो उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
दुकानदार को उसकी हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद उसने आस-पास के लोगों की मदद से आरोपी को दबोच लिया और शहीद नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की, तो उसके फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हो गया। कमिश्नरेट पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास का पता लगाने के लिए विशाखापट्टनम पुलिस से संपर्क कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

