सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा शहर के महावीरपुरा इलाके से एक हाई-वोल्टेज और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दो युवकों द्वारा एआई (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर एक युवती के आपत्तिजनक फोटो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी पर वायरल करने का विवाद तूल पकड़ गया। युवकों की इस हरकत से गुस्साए परिजनों और युवती ने दोनों आरोपियों को पकड़कर उनकी जमकर चप्पलों और बेल्टों से पिटाई कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आपत्तिजनक फोटो AI की मदद से वायरल कर दिए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब केवल कोरी और इशू कोरी नामक दो युवकों ने एक 22 वर्षीय युवती के कुछ आपत्तिजनक फोटो एआई (AI) की मदद से फर्जी बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए थे। 4 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मामला: घटना के संबंध में गत 4 अक्टूबर को देहात थाना पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत पर आईटी (IT) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद आरोपी केवल कोरी को पकड़कर वैधानिक कार्रवाई भी की थी।

हाथ लगने पर गुस्सा फूटा: पुलिस कार्रवाई के बावजूद जब दोनों युवक युवती और उसके परिजनों के सामने आए, तो आक्रोशित परिजनों और युवती ने खुद ही उन्हें सबक सिखाने का फैसला किया। आरोप है कि महिला और युवती समेत मुंह बांधे कुछ युवकों ने मिलकर दोनों आरोपियों की चप्पलों और बेल्टों से जमकर पिटाई कर दी।

वार्ड पार्षद के पति पर मारपीट करवाने के आरोप

मारपीट की यह घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद मारपीट का शिकार हुए दोनों युवक अपने परिजनों के साथ सिटी थाने पहुँचे। थाने पहुँचकर युवकों ने आरोप लगाया कि वार्ड पार्षद कीर्ति पचौरिया के पति दिनेश पचौरिया ने उनके साथ यह मारपीट करवाई है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले को गंभीरता से जांच में ले लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m