अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में लगातार बढ़ रहे स्नेक बाइट के मामलों के बीच बुढार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां सांप के काटने से पीड़ित 70 वर्षीय महिला प्रेमा सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पर जानलेवा हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए डॉक्टर को अस्पताल के एक कमरे में खुद को बंद करना पड़ा।
बुढार थाना क्षेत्र के धनपुरा की रहने वाली 70 वर्षीय प्रेमा सिंह को सांप ने काट लिया था। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढार लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर कुलदीप सिंह ने इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ती गई और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ की, डॉक्टर कुलदीप सिंह के साथ मारपीट की और जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि डॉक्टर अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल के एक कमरे में जाकर अंदर से बंद हो गए। काफी देर तक वे वहीं रहे, जिसके बाद स्थिति कुछ सामान्य हुई।
बताया जा रहा है कि हंगामे के बाद परिजन महिला का शव अपने साथ लेकर अस्पताल से चले गए, घटना की सूचना तत्काल बुढार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान जिले में स्नेक बाइट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे समय में अस्पताल में डॉक्टर पर हुआ हमला न केवल स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए बुढार बीएमओ डॉ सचिन कारखुर ने बताया कि 70 वर्षीय वृद्ध महिला स्नैक बाइट का मामला आया था, जहां ड्यूटी डॉक्टर इलाज कर रहे थे। तभी महिला की मौत हो गई। इस दौरान महिला के परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए ड्यूटी डॉक्टर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे डॉक्टर ने एक करे में खुद को बंद कर अपनी जान बचाई, मामले की थाने में शिकायत की जा रही है।
हमले से नाराज डॉक्टर और स्टाफ नर्स थाने पहुंचे और हमला करने वालों पर एफआईआर की मांग की।साथ ही काम बंद करने की धमकी दी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

