सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एक मासूम बच्ची की मौत के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है। बच्ची के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिवार और रिश्तेदार बच्ची के शव को लेकर सेक्टर-15 स्थित श्मशान घाट के बाहर धरने पर बैठ गए और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची के हाथ-पैर बंधे हुए मिले थे और उसके शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। ऐसे में परिवार ने पुलिस की ओर से पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां गंभीर हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
धरने के दौरान बच्ची के पिता भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उनका परिवार अपनी मासूम बच्ची की मौत के बाद न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी बातों के मुताबिक कार्रवाई नहीं की और उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी देवेंद्र गौतम भी श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और मामले में न्याय की मांग का समर्थन किया।
मामले की सूचना मिलने पर मोहाना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने धरने पर बैठे परिजनों और अन्य लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनके बयानों और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की ओर से कहा गया कि मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टरों की राय के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं तय की जाएंगी। थाना प्रभारी ने परिवार को आश्वासन दिया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



