राकेश कथूरिया, कैथल। आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से करीब 96 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव मनवाली निवासी विकास उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह ठगी की रकम निकालकर कमीशन के आधार पर दूसरे साइबर ठगों को देता था। अदालत से आरोपी को पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

बैंक अधिकारी बनकर किया था फोन
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, सीवन निवासी विक्रम पुत्र राजकुमार ने थाना साइबर क्राइम कैथल में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पास आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट खाता है। इसमें उसका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है।
5 नवंबर 2022 को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड अधिकारी बताया। उसने कहा कि क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी लगी हुई है। इसके लिए हर साल 4500 रुपए कटेंगे।
विक्रम ने पॉलिसी बंद कराने की बात कही। इसके बाद फोन करने वाले ने उससे क्रेडिट कार्ड के अंतिम 8 अंक पूछे। फिर मोबाइल पर आया ओटीपी भी हासिल कर लिया।
ओटीपी हासिल कर क्रेडिट खाते से रकम ट्रांसफर की
पुलिस के अनुसार, ओटीपी हासिल करने के बाद आरोपी पक्ष ने विक्रम के आईसीआईसीआई बैंक क्रेडिट खाते से करीब 96 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर कर ली। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम कैथल में मामला दर्ज किया गया था।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेश पर साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल कुमार की अगुवाई में एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम कर रही थी।
कमीशन लेकर साइबर ठगों को देता था रकम
पुलिस की जांच में सामने आया कि विकास उर्फ विक्की साइबर ठगी से हासिल रकम को निकालता था। इसके बाद वह कमीशन के आधार पर यह राशि साइबर ठगी करने वाले अन्य आरोपियों को देता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से उसका 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


