चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। महेंद्रगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 135 करोड़ 42 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, पेयजल, सीवरेज, ड्रेनेज, बिजली, शिक्षा और विरासत संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई नई परियोजनाओं के लिए वित्तीय घोषणा भी की। दुलोठ अहीर से सोहली राजस्थान बॉर्डर तक सड़क निर्माण के लिए 52 लाख 50 हजार रुपये, सोहला और मांडोला में नहरी पानी की वाटर बॉडी परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपये तथा देवावास, भगड़ाना, माजरा कलां और डैरोली जाट में इसी तरह की परियोजनाओं के लिए 15 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा डुलाना से रेवाड़ी सड़क के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि देने का ऐलान हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पहले से तैयार हो चुकी कई परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया। इनमें महेंद्रगढ़-अटेली सड़क के नवीनीकरण पर 13 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये तथा खातोदड़ा-नांगल माला सड़क के नवीनीकरण पर 12 करोड़ 77 लाख 69 हजार रुपये की लागत से हुए कार्य शामिल हैं। बाघोत में 5 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन, नांवा में 69 लाख 70 हजार रुपये की व्यायामशाला, डुलाना में 40 लाख 29 हजार रुपये के पशु अस्पताल और खुडाना में 14 करोड़ 26 लाख 87 हजार रुपये की लागत से तैयार जलघर का भी उद्घाटन किया गया।
वहीं, विधानसभा क्षेत्र में आने वाले समय में होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी गई। सुरजनवास गांव में 64 लाख 50 हजार रुपये की लागत से आयुष डिस्पेंसरी बनाई जाएगी। डालनवास में 8 करोड़ 43 लाख 30 हजार रुपये से 33 केवी सब स्टेशन और लावन में 6 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपये से जलघर का निर्माण प्रस्तावित है।
महेंद्रगढ़ शहर की जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को भी योजनाओं में प्रमुखता दी गई है। ब्रह्मदेव चौक, माहीचान मोहल्ला और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के आसपास जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 12 करोड़ 80 लाख 40 हजार रुपये की ड्रेनेज परियोजना का शिलान्यास किया गया। शहर में सीवरेज सिस्टम के लिए 20 करोड़ 51 लाख 70 हजार रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही महेंद्रगढ़ नगर पालिका के नए भवन पर 4 करोड़ 36 लाख 87 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। ऐतिहासिक महेंद्रगढ़ किले के जीर्णोद्धार के लिए भी 8 करोड़ 83 लाख 98 हजार रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया गया। इससे शहर के बुनियादी ढांचे के साथ ऐतिहासिक विरासत से जुड़े विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा और खेल क्षेत्र के लिए भी घोषणाएं कीं। प्रदेश में 11 नए स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 26 करोड़ 37 लाख रुपये की राशि और 3,396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक तथा राजकीय उच्च विद्यालयों के लिए 33 करोड़ 96 लाख रुपये की खेल अनुदान राशि जारी की गई। प्रत्येक विद्यालय को खेल गतिविधियों के लिए एक लाख रुपये की दर से यह राशि दी गई है।
भगवान विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों से जुड़े विकास कार्यों की भी घोषणा की। जींद में जांगिड़ धर्मशाला तथा कुरुक्षेत्र में विश्वकर्मा कौशल भवन एवं छात्रावास के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के माध्यम से नियमानुसार प्लॉट उपलब्ध कराने की बात कही गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री के ऐच्छिक कोष से महेंद्रगढ़ स्थित जांगिड़ ब्राह्मण धर्मशाला में छात्रावास के लिए 31 लाख रुपये और कुरुक्षेत्र की जांगिड़ धर्मशाला के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



