फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र से बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। 5 नंबर इलाके में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन चल रहे बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग बाल बंदी रात के समय फरार हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों ने पहले बाथरूम की खिड़की तोड़ी और इसके बाद परिसर से निकलकर मेन गेट के रास्ते फरार हो गए।
घटना का पता चलते ही बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। तीनों नाबालिगों को अलग-अलग मामलों के चलते यहां रखा गया था। सूत्रों के अनुसार, इनमें दो बाल बंदी वर्ष 2024 से बाल सुधार गृह में रह रहे थे, जबकि तीसरा वर्ष 2025 में यहां लाया गया था।
बताया जा रहा है कि फरार तीनों नाबालिग अलग-अलग जिलों से संबंधित हैं। इनमें एक गुरुग्राम, दूसरा मेवात और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला बताया गया है। सूत्रों के मुताबिक, तीनों पर गंभीर अपराधों से जुड़े आरोप हैं और इसी वजह से उन्हें बाल सुधार गृह में रखा गया था।
फरार होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में अभियान शुरू कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीमें भी तलाश में जुटी हैं। पुलिस संभावित रास्तों और ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
एनआईटी थाना प्रभारी महावीर के मुताबिक, बाल सुधार गृह की ओर से पुलिस को शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तीनों नाबालिग परिसर से निकलने के बाद किस दिशा में गए।
अब पुलिस की जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि बाल सुधार गृह के भीतर से तीनों नाबालिग बाथरूम की खिड़की तक कैसे पहुंचे और वहां से निकलने के बाद मेन गेट तक किस तरह पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें फरार तीनों बाल बंदियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकता उन्हें जल्द तलाशना है, जिसके बाद फरारी के पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की तस्वीर और साफ हो सकेगी।
- 1.25 करोड़ का गांजा किस रास्ते जा रहा था? गुरुग्राम में दो आरोपी गिरफ्तार
- 93 किलो के अजगर को पकड़ने में लगे 2 घंटे, फिर कहां छोड़ा गया?
- CM डॉ. मोहन 28 अक्टूबर को इंदौर में करेंगे ‘अर्बन कॉन्क्लेव’ का शुभारंभ, शहरी विकास, निवेश, डिजिटल गवर्नेंस और पर्यावरण अनुकूल शहरों सहित विभिन्न विषयों पर होगा मंथन
- MP TOP NEWS TODAY: 27 अक्टूबर को क्या कुछ रहा खास? एक क्लिक में पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें
- ‘भगवा का कायम जलवा’: शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा और स्नातक पर दिनेश गोयल की बड़ी जीत, जानें मायने

