हरियाणा के फरीदाबाद में बीटेक द्वितीय वर्ष के एक बांग्लादेशी छात्र ने कॉलेज हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती तफ्तीश में पुलिस इस दुखद घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड क्षेत्र के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बांग्लादेश के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुस्ताक के रूप में हुई है, जो बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी मामले को खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार मुस्ताक कॉलेज हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर अपने एक साथी छात्र के साथ कमरे में रहता था। घटना के समय उसका रूममेट किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। मुस्ताक पंखे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। साथी छात्रों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों और बांग्लादेश दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्र की एक युवती से बातचीत होती थी, हालांकि वह कॉलेज की छात्रा नहीं थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और मौत के पीछे की वास्तविक वजह जानने की कोशिश में जुटी है।

