फरीदाबाद। जिस घर में बेटे के पहले जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है। परिवार का इकलौता बेटा राहुल 12 अक्टूबर को एक साल का होने वाला था। लेकिन जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। सेक्टर-86 में पानी का टैंकर लेकर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई।

राहुल का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। परिवार फरीदाबाद में मजदूरी करके अपना गुजारा करता है। बेटे के जन्मदिन का दिन परिवार के लिए खास होने वाला था। किसी ने नहीं सोचा था कि खुशियों का यह इंतजार जिंदगी के सबसे बड़े दुख में बदल जाएगा।

सड़क किनारे खेल रहा था राहुल, तभी हुआ हादसा

हादसा उस समय हुआ, जब राहुल सड़क किनारे बैठकर खेल रहा था। उसके पिता जितेंद्र और परिवार के दूसरे सदस्य कमरे के अंदर थे। कुछ देर बाद बाहर से बच्चों के शोर की आवाज आई। आवाज सुनकर जितेंद्र बाहर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

उनका मासूम बेटा ट्रैक्टर की चपेट में आ चुका था। बताया जा रहा है कि पानी का टैंकर लेकर जा रहा ट्रैक्टर पीछे हट रहा था। इसी दौरान वह राहुल के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

पहले जन्मदिन से पहले ही छिन गईं खुशियां

12 अक्टूबर को राहुल का पहला जन्मदिन था। परिवार के लिए यह सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि बेटे के जीवन के एक खास पड़ाव का दिन था। लेकिन जन्मदिन से ठीक पहले हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

जिस घर में बेटे के जन्मदिन को लेकर खुशियां होनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है। परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने चालक को पकड़ा, जांच जारी

हादसे की सूचना मिलने के बाद खेड़ी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m