फरीदाबाद। फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रिहायशी मकानों के भीतर नियमविरुद्ध चल रही कमर्शियल गतिविधियों पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट (DTCP) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने मॉल रोड पर पहुंचकर आवासीय मकानों में चल रहे करीब 30 से 35 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर रेस्टोरेशन ऑर्डर चिपकाए हैं। जेई रहमान की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के तहत दुकान और मकान मालिकों को अवैध कमर्शियल गतिविधियों को बंद कर 7 दिनों के भीतर संपत्ति को मूल रिहायशी स्थिति में लाने का समय दिया गया है। तय समय सीमा में आदेश का पालन न करने पर विभाग ने इमारतों को सील करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

35 से अधिक इमारतों पर चिपकाए गए रेस्टोरेशन ऑर्डर

ग्रीन फील्ड कॉलोनी की प्रमुख सड़क मॉल रोड पर लंबे समय से कई रिहायशी मकानों में नियम तोड़कर व्यावसायिक दुकानें और प्रतिष्ठान चलाए जा रहे हैं। DTCP के जेई रहमान ने बताया कि विभाग की ओर से इन अवैध कमर्शियल परिसरों को पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसी कड़ी में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर 30 से 35 यूनिट्स पर रेस्टोरेशन ऑर्डर चस्पा किए हैं।

7 दिन का मिला समय, बंद करनी होंगी कमर्शियल गतिविधियां

विभाग ने संबंधित मकान मालिकों और व्यापार संचालकों को 7 दिन का समय दिया है। इस अवधि के दौरान उन्हें अपने मकान को उसी स्थिति में वापस लाना होगा, जिस रिहायशी उपयोग के लिए निर्माण की मंजूरी मिली थी। इसका सीधा मतलब है कि आवासीय मकानों के भीतर चलाई जा रही सभी तरह की दुकानों और व्यावसायिक गतिविधियों को 7 दिनों के भीतर पूरी तरह बंद करना होगा।

नियम नहीं मानने पर सीलिंग और कानूनी कार्रवाई तय

जेई रहमान ने स्पष्ट किया कि यदि 7 दिनों के भीतर रेस्टोरेशन आदेश का पालन नहीं किया गया तो विभाग नियमानुसार अगली कार्रवाई करेगा। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित इमारतों को सील कर दिया जाएगा। इसके साथ ही नियम तोड़ने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

पहले भी 70 यूनिट्स को दिया जा चुका है नोटिस

अधिकारी के मुताबिक, मॉल रोड पर इस कार्रवाई से पहले भी लगभग 70 यूनिट्स को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब इन सभी मामलों में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने साफ कर दिया है कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी में जहां-जहां भी रिहायशी मकानों का व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा है, वहां यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m