फरीदाबाद। शहर में कूड़ा निस्तारण और डंपिंग यार्ड को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव काफी तेज हो गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा द्वारा केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को ‘कूड़ा मंत्री’ कहे जाने पर शनिवार को गुर्जर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छोटी मानसिकता वाले लोग कभी बिहारी भाइयों को गालियां देते हैं। जिनकी अपनी वाणी पर संयम नहीं है, उनकी बात क्या करें, यहां तक कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की वाणी पर भी संयम नहीं है। गुर्जर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता सही नहीं है और उसकी भाषा से पार्टी का चरित्र साफ झलकता है।

मंत्रियों के बयानों में अलग-अलग योजनाएं और कांग्रेस का आरोप

दरअसल, भांकरी में डंपिंग यार्ड के विरोध के बाद कूड़ा निस्तारण को लेकर भाजपा सरकार के दो मंत्रियों की ओर से अलग-अलग योजनाएं सामने आई थीं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने भांकरी में 600 टन क्षमता वाले प्री-प्रोसेसिंग प्लांट को मंजूरी मिलने की बात कही थी। वहीं, दूसरी तरफ केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रतापगढ़ प्लांट की क्षमता 150 टन से बढ़ाकर 750 टन करने और मुजेड़ी में 150 टन का नया प्लांट लगाने का सुझाव दिया था।

इसी बीच कांग्रेस नेता नीरज शर्मा ने आरोप लगाया था कि भांकरी में विरोध के चलते अब प्रतापगढ़ में कूड़ा डाला जा रहा है। उन्होंने मुद्दा उठाया कि शहर में रोजाना 1000 टन से अधिक कूड़ा निकलता है, लेकिन निस्तारण की क्षमता बहुत कम है।

कृष्णपाल गुर्जर बोले- विरोध जायज, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी गलत

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भांकरी के अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने का स्थानीय लोगों का विरोध जायज है, लेकिन गाड़ियों को घेरना और किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना लोकतांत्रिक तरीका नहीं है।

आंदोलन की तैयारी, प्रतापगढ़ में आज महापंचायत

भांकरी के अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने और प्रतापगढ़ में कूड़ा निस्तारण केंद्र की क्षमता बढ़ाए जाने के विरोध में रविवार को बड़े आंदोलन की तैयारी की गई है। इसके तहत प्रतापगढ़ स्थित सामुदायिक भवन में एक बड़ी महापंचायत बुलाई गई है। आंदोलन से जुड़े आरडब्ल्यूए (RWA) प्रधान सतपाल के अनुसार, महापंचायत में एक से डेढ़ हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

इसके साथ ही भांकरी में कूड़े से भरे ट्रकों को रोकने की योजना बनाई गई है। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से आसपास के इलाकों के लोगों से इस आंदोलन में शामिल होने और सहयोग करने की न्यौते के साथ अपील की जा रही है। वहीं, संभावित विरोध और प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m