फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एनआईटी-3 नंबर के बी ब्लॉक में शनिवार शाम एक पिटबुल कुत्ते ने 7वीं कक्षा के छात्र ग्रन्थ पर अचानक हमला कर दिया। घर के पास गली में दोस्त से बात कर रहे बच्चे पर हुए इस अचानक हमले में कुत्ते ने उसके हाथ, पैर और शरीर पर 16 जगहों पर नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद निजी अस्पताल से इलाज के बाद फिलहाल बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसका घर पर ही इलाज चल रहा है। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दोस्त के साथ खड़ा था छात्र, तभी बाहर निकला पिटबुल

बीके चौक पर खाने की रेहड़ी लगाने वाले पीड़ित छात्र के पिता जितेंद्र ने बताया कि शनिवार शाम उनका बेटा ग्रन्थ अपनी साइकिल लेकर गली में निकला था। वह घर से कुछ ही दूरी पर एक मकान के सामने अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का पालतू पिटबुल कुत्ता अचानक घर से बाहर निकला और सीधे ग्रन्थ पर झपट पड़ा।

कुत्ते के मालिक पर लापरवाही का आरोप, लोगों ने बचाई जान

पिता जितेंद्र का आरोप है कि पिटबुल उनके बेटे को लगातार काटता रहा, लेकिन कुत्ते के मालिक ने उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं की। बच्चे के रोने और चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद भीड़ ने कड़ी मशक्कत करके कुत्ते को बच्चे से अलग किया और उसकी जान बचाई। हालांकि, तब तक कुत्ते ने बच्चे के शरीर पर 16 जगह गहरे जख्म दे दिए थे।

अस्पताल से रेफर, अब घर पर चल रहा इलाज

हमले के तुरंत बाद परिजन लूलुहान हालत में ग्रन्थ को बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए और अब उसका घर पर ही उपचार कराया जा रहा है।

एनआईटी-3 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज

पीड़ित परिवार ने घटना की पूरी जानकारी एनआईटी-3 नंबर पुलिस चौकी में दी है। चौकी इंचार्ज मनोज के मुताबिक, पिता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m