फरीदाबाद/पलवल। शादी-विवाह में दहेज और फिजूलखर्ची रोकने के लिए 52 पालों की महापंचायत में लिए गए फैसलों को अब फरीदाबाद और पलवल में भी समर्थन मिल रहा है। रविवार को फरीदाबाद के खेड़ी कलां गांव में सर्वजातीय पंचायत हुई। वहीं, पलवल में राजपूत और कोली समाज ने अलग-अलग पंचायतें कर इन फैसलों को लागू करने पर सहमति जताई। पंचायतों में बारातियों की संख्या सीमित रखने, शराब और तेज डीजे पर रोक लगाने के साथ नियम तोड़ने वालों के सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया गया।

शादी से लग्न-सगाई तक के नियम तय

पंचायतों में तय नियमों के मुताबिक, शादी में बारातियों की संख्या अधिकतम 51 रखी जाएगी। भोजन शुद्ध शाकाहारी और सादा होगा। शराब और तेज डीजे पर प्रतिबंध लगाने का फैसला भी लिया गया। लग्न-सगाई में लड़के को एक रुपया, पांच कपड़े और एक किलो मिठाई देने का प्रावधान रखा गया है।

राजपूत और कोली समाज ने भी जताई सहमति

पलवल में सोहना रोड स्थित महाराणा प्रताप भवन में राजपूत समाज की पंचायत हुई। इसकी अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका कार्यकारी अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने की, जबकि संचालन संजय राणा ने किया। पंचायत में पूर्व विधायक शारदा राठौर, नयनपाल रावत, दीपक मंगला और पूर्व मंत्री करण दलाल भी मौजूद थे।

वहीं, न्यू कॉलोनी स्थित पंजाबी धर्मशाला में रणजीत सिंह की अध्यक्षता में कोली समाज की पंचायत हुई। दोनों पंचायतों में दहेज और सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के फैसलों का समर्थन किया गया।

नियमों की निगरानी के लिए कमेटियां बनेंगी

फरीदाबाद के खेड़ी कलां गांव में हुई सर्वजातीय पंचायत की अध्यक्षता महाशय मुरारीलाल ने की। छोटूराम सेवा समिति के प्रधान सत्यपाल नरवत ने पंचायत का संचालन किया। उन्होंने 6 सितंबर को मंडकोला गांव में हुई 52 पालों की महापंचायत के फैसले पढ़कर सुनाए। इसके बाद पंचायत में सर्वसम्मति से इन फैसलों को लागू करने का निर्णय लिया गया।

नियमों की निगरानी के लिए मोहल्ला स्तर पर कमेटियां बनाई गईं। गांव स्तर पर भी एक कमेटी गठित की गई। पंचायत में तय किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के सामाजिक कार्यक्रमों में ग्रामीण शामिल नहीं होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m