फरीदाबाद। नशा तस्करी के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ा अभियान चलाते हुए बल्लभगढ़ के सेक्टर-56 स्थित राजीव कॉलोनी में व्यापक सर्च ऑपरेशन किया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, स्थानीय पुलिस, ब्लैक कमांडो, डॉग स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

पूरी कॉलोनी की घेराबंदी, घर-घर तलाशी

पुलिस ने अभियान के दौरान पूरी कॉलोनी को घेरकर संदिग्ध घरों और व्यक्तियों की गहन जांच की। राजीव कॉलोनी में लंबे समय से नशा बेचने और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों द्वारा भी लगातार संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी जा रही थी, जिसके आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया।

दो घंटे तक चली कार्रवाई

करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में पुलिस टीम ने कॉलोनी के अलग-अलग हिस्सों में जाकर तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से भी पूछताछ की, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से कई स्थानों की बारीकी से जांच की गई।

नहीं मिला नशीला पदार्थ, लेकिन मिले अहम सुराग

CIA बदरपुर बॉर्डर प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना था। हालांकि तलाशी के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की चेतावनी: नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में नशा तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति नशा बेचते या तस्करी करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उसकी संपत्ति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

नशे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।