फरीदाबाद। शहर में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए परिवहन विभाग ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की जांच प्रक्रिया बेहद तेज कर दी है। शनिवार को विभाग की विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों और प्रदूषण जांच केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों में भारी अनियमितताएं और खामियां मिलने पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए 16 प्रदूषण जांच केंद्रों को निलंबित कर दिया है। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वैध पीयूसी के बिना किसी भी वाहन को ईंधन न दिया जाए।
शहर में लागू है ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम
फरीदाबाद में गत 1 अक्टूबर से ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ का नियम प्रभावी रूप से लागू किया गया है। पेट्रोल पंपों पर बैनर और पोस्टर लगाकर वाहन चालकों को इसके प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। हालांकि, इसके बावजूद कई वाहन चालक बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के वाहन चला रहे हैं। वहीं, पेट्रोल पंपों पर बिना वैध प्रमाणपत्र के ईंधन दिए जाने की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर परिवहन विभाग ने यह विशेष जांच अभियान चलाया है।
स्मोक मीटर और गैस एनालाइजर मिले खराब
शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई छापामारी के दौरान कई प्रदूषण जांच केंद्रों पर प्रदूषण मापने वाले उपकरण यानी स्मोक मीटर और गैस एनालाइजर खराब पाए गए। कुछ केंद्रों पर आवश्यक दस्तावेजों का रखरखाव ठीक नहीं था, तो कहीं वाहनों की जांच के लिए प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी भी मौजूद नहीं मिले।
इन तमाम गंभीर अनियमितताओं को आधार बनाते हुए विभाग ने कार्रवाई की और 16 केंद्रों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही संबंधित केंद्र संचालकों के चालान भी काटे गए हैं।
अधिकारियों की दो टूक: आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
जिला परिवहन अधिकारी एवं प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव मुनीष सहगल ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों और हरियाणा सरकार के आदेशों के तहत जिले में ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ व्यवस्था को पूरी सख्ती से लागू कराया जा रहा है। इसके लिए विशेष जांच दल गठित किए गए हैं, जो लगातार पेट्रोल पंपों और जांच केंद्रों पर पहुंचकर नियमों की पालना परख रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे समय पर अपने वाहनों की प्रदूषण जांच कराएं और पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता बनाए रखकर शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

