फरीदाबाद। फरीदाबाद में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पदयात्रा के मद्देनजर कड़े ट्रैफिक प्रबंध किए गए हैं। एनआईटी क्षेत्र के प्रमुख मार्ग बीके चौक से हार्डवेयर चौक तक का रास्ता लगातार 6 घंटे तक पूरी तरह बंद रहेगा। फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह प्रतिबंध रविवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान इस मार्ग पर दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी।
वाहन चालकों के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
आम जनता और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने दो वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के मुताबिक एनएच-44 की ओर जाना चाहते हैं या वहां से आ रहे हैं, वे बाटा चौक अथवा नीलम-अजरौंदा चौक का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
इस क्षेत्र की तरफ जाने वाले वाहन प्याली चौक, डबुआ सब्जी मंडी रोड और मस्जिद चौक की ओर से डायवर्ट किए गए रास्तों से निकल सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और तय समय के दौरान इस मुख्य मार्ग पर जाने से बचें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

