Faridabad Murder Case : फरीदाबाद: रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। फरीदाबाद में एक महिला ने अपने प्रेमी के प्यार में इस कदर अंधी हो गई कि उसने अपने ही पति गोपाल को रास्ते से हटाने के लिए रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश रच डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारी पत्नी काजल और उसके बॉयफ्रेंड योगेंद्र को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
धर्मयात्रा के नाम पर बुना मौत का जाल
इस पूरे खूनी खेल की शुरुआत 10 अक्टूबर को हुई। आरोपी योगेंद्र ने गोपाल को अपने जाल में फंसाया और खाटूश्याम बाबा के दर्शन कराने के बहाने अपने साथ ले गया। गोपाल को भनक तक नहीं थी कि वह जिसे अपना दोस्त समझ रहा है, वही उसकी मौत का सौदागर है। रास्ते में योगेंद्र ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कार के अंदर ही गोपाल पर हमला बोल दिया। बेरहमी से मारपीट करने के बाद गमछे से उसका गला घोंट दिया गया। जब गोपाल बेसुध हो गया, तो हत्यारे उसे मरा हुआ समझकर यूपी के हाथरस में सड़क किनारे फेंककर भाग निकले।
यमराज के मुंह से लौटा पति, पर घर में बैठी थी ‘मौत’
किस्मत से गोपाल की सांसें चल रही थीं। होश आते ही उसने सबसे बड़ा धोखा खाया और मदद के लिए अपनी उसी पत्नी काजल को फोन घुमा दिया, जो इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड थी। पति के जिंदा होने की खबर मिलते ही काजल के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह तुरंत 13 अक्टूबर को हाथरस पहुंची। लेकिन वह उसे बचाने नहीं, बल्कि अपने अधूरे काम को पूरा करने गई थी। काजल उसे अस्पताल ले जाने के बजाय फरीदाबाद के पल्ला इलाके में एक गुप्त ठिकाने पर ले आई, जहां उसे लगातार नशीले इंजेक्शन देकर बेहोश रखा गया।
बेटी को रास्ते से हटाया, फिर खुद रेती गर्दन
काजल ने अपनी इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने के लिए अपनी ही बेटी शालिनी को साजिश के तहत सोनीपत भेज दिया ताकि कोई गवाह न बचे। इसके बाद 14 अक्टूबर की रात को उसने अपने बॉयफ्रेंड योगेंद्र को उसी ठिकाने पर बुलाया। जब गोपाल पूरी तरह बेसुध था, तब दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से उसका गला काट दिया और उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी।
कत्ल से पहले का वीडियो खोल गया राज
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा है, जो गोपाल की मौत से ठीक पहले का है। वीडियो में घायल गोपाल खाट पर लेटा हुआ अपनी आपबीती सुना रहा है कि कैसे योगेंद्र उसे खाटूश्याम के बहाने ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए मुख्य आरोपी योगेंद्र और पत्नी काजल को अरेस्ट कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

