फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ चूहे मारने की दवा निगल ली। तबीयत बिगड़ने पर महिला की बेटी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने महिला और तीनों बच्चों को बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना पल्ला क्षेत्र के सूर्या विहार फेस-2 की है। महिला के परिवार से जुड़े मामले में उसके पति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पल्ला थाने में लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बेटी ने पिता पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला माला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। उसका पति सुनील भारतीय नौसेना में तैनात है। परिवार फरीदाबाद में रहता है। सुनील की पोस्टिंग दिल्ली में होने के कारण वह कई-कई दिनों बाद घर आता है। माला एक निजी कंपनी की मार्केटिंग विंग में काम करती है।
बेटी सृष्टि ने आरोप लगाया कि उसके पिता मां के साथ मारपीट करते हैं और उसके चरित्र पर भी सवाल उठाते हैं। सृष्टि के मुताबिक, रविवार सुबह वह छत पर बने कमरे में थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसका मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज की। इसके बाद उसने अपनी मां को फोन कर बुलाया। आरोप है कि पिता ने मां के साथ भी गाली-गलौज की।
बेटी ने डायल 112 पर मांगी मदद
सृष्टि के मुताबिक, दोपहर में परेशान होकर उसकी मां ने चूहे मारने की दवा निगल ली और तीनों बच्चों को भी दे दी। कुछ देर बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद सृष्टि ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व तीनों बच्चों को बादशाह खान सिविल अस्पताल ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को दिल्ली रेफर कर दिया।
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
पुलिसकर्मी सुरेश के अनुसार, सूचना मिलने पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। महिला और तीनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में पल्ला थाने में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

