अनिल मालवीय, इछावर। सीहोर जिले के इछावर विधानसभा के ग्राम हीरापुर में आपसी रंजिश के चलते एक शख्स ने किसान के खेत को आग के हवाले कर दिया। इस भीषण अग्निकांड में पीड़ित किसान का हजारों रूपए का सामान जलकर खाक हो गया। खेत में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई लेकिन उनके पहुंचने से पहले सब जलकर खाक हो चुका था।
ये भी पढ़ें : शौर्य संकल्प प्रशिक्षण शिविर के दौरान बंदरों का हमला, दो छात्राओं को किया लहूलुहान, वीडियो वायरल
हवा के चलते फैली आग
जानकारी के अनुसार यह घटना हीरापुर गांव की है। जहां किसान कमलेश परमार के खेत में अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह से खेत में रखा सामान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। किसान के मुताबिक खेत में कृषि उपकरण, खाद, कीमती लकड़ी एवं अन्य सामान रखा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही खेत में आग लगाई गई, भीषण गर्मी और हवा के चलते वह तुरंत फैल गई।
सालभर की कमाई जल गई – पीड़ित किसान
पीड़ित किसान ने बताया कि खेत में आग देखते ही देखते फैल गई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। फायर ब्रिगेड को भी समय पर सूचना दे दी गई थी लेकिन वो भी देरी से पहुंचे।
कृषि उपकरण, खाद और अन्य सामान जलकर खाक
किसान ने बताया कि खेत में रखे कृषि उपकरण पूरी तरह से जल चुके हैं। यहां बाड़े में आने वाले सीजन की खेती के लिए खाद रखी हुई थी वह भी पूरी तरह जल चुका है। इसके अलावा घर में इस्तेमाल के लिए लकड़ी-उपले रखे हुए थे। जो इस आगजनी में जल चुके हैं।
1 घंटे की देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना के दौरान ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का हरसंभव प्रयास किया। पीड़ित परिवार ने तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम को सूचित किया और मदद की गुहार लगाई। लेकिन दमकल विभाग सूचना देने के 1 घंटे बाद तक भी मौके पर नहीं पहुंची। अगर समय रहते दमकल की गाड़ी आ जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
जमीनी विवाद में आग लगाने का आरोप – पीड़ित का भाई
पीड़ित किसान के भाई प्रेम नारायण परमार ने सीधे तौर पर अपने पड़ोसी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। प्रेम नारायण ने बताया कि पड़ोसी का उनके भाई के साथ जमीनी विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते और बदला लेने के लिए पड़ोसी ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से उनके खेत में आग लगा दी।
ये भी पढ़ें : करंट के झटके, रसूखदारों को शह: नर्मदापुरम में आदिवासियों का महा-आक्रोश, क्या ‘साहब’ को बचाने में जुटा था महकमा ? नपेंगे SDO अनिल विश्वकर्मा ?
पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
आग बुझने के बाद पीड़ित परिवार न्याय की आस में थाने पहुंचा और आरोपी पड़ोसी के खिलाफ नामजद आवेदन देकर मामला दर्ज करने की मांग की। पीड़ित किसान की मांग पर पुलिस ने कहा कि पटवारी की रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान का आकलन होगा। जिसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

