गुरुग्राम। देश की राजधानी दिल्ली में होने वाली महापंचायत और विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर हरियाणा के विभिन्न बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस को पूरी तरह से सतर्क कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. पुलिस की इस सख्ती का असर कई जिलों में साफ तौर पर देखा जा रहा है.

जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहतक, सोनीपत, अंबाला, कुरुक्षेत्र, झज्जर, पानीपत और करनाल समेत कुल बारह जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. एहतियात के तौर पर कई जगहों पर किसान नेताओं और संबंधित संगठनों के समर्थकों को नजरबंद या हिरासत में भी लिया गया है. अंबाला के शंभू बॉर्डर पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है.

व्यापार समझौते के विरोध में किसानों ने दिल्ली कूच का आह्वान

भारत और अमेरिका के बीच होने वाले प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में किसानों ने दिल्ली कूच का आह्वान किया है. इसी वजह से सीमाओं पर सुरक्षा का दायरा बहुत बढ़ा दिया गया है. सोनीपत के कुंडली और सिंघु बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग चुका है.

हरियाणा पुलिस ने विशेष वज्र वाहनों को तैनात किया

यातायात को नियंत्रित करने के लिए हरियाणा पुलिस ने विशेष वज्र वाहनों को तैनात किया है. दिल्ली की तरफ जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की बेहद बारीकी से जांच की जा रही है. केवल पूरी तरह से जांच-पड़ताल और संतुष्टि होने के बाद ही गाड़ियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है. इस भारी चेकिंग और बैरिकेडिंग की वजह से आम चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m