अनिल मालवीय, इछावर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से विरोध प्रदर्शन की एक बेहद अनोखी और दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। ग्रामीण इलाकों में रात के समय बिजली कटौती से परेशान किसानों ने कोई चक्काजाम या उग्र आंदोलन नहीं किया, बल्कि सड़क पर ही ढोलक, हारमोनियम और मंजीरे लेकर बैठ गए। किसानों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सूबे के मुखिया डॉ. मोहन यादव के नाम के विशेष भजन और गीत गाकर बिजली की मांग की।

‘सारे ग्रामीण सो नहीं पा रहे, हमको बिजली दीजिए’

मामला इछावर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चंदेरी और बरखेड़ी गांव का है। यहां रात के समय अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण और किसान बेहद परेशान हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए किसान और समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण सीहोर-चंदेरी-बिलकिसगंज-भोपाल मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए। सड़क पर ही दरी बिछाकर बैठ गए और संगीतमय अंदाज में अपनी गुहार लगानी शुरू कर दी।

किसानों ने सुर और ताल मिलाते हुए गाया

‘यह प्रभु मोदी है दाता, ऐसी कृपा कीजिए… सारे ग्रामीण सो नहीं पा रहे, हमको बिजली दीजिए। शिवराज भैया तुम भी सुन लो, हमको रात में बिजली दीजिए। मोदी-मोदी कह रही दुनिया, हम ग्रामीणों का संकट दूर कीजिए…’

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अनोखा तरीका

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में रात-रात भर बिजली गुल रहने के कारण बूढ़े, बच्चे और किसान कोई भी सो नहीं पा रहा है। दिनभर खेतों में हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद रात को भी आराम नसीब नहीं हो रहा है। अपनी इस पीड़ा को सरकार तक पहुंचाने के लिए उन्होंने यह गांधीवादी और अनोखा रास्ता चुना।

सड़क पर बैठकर भजन गाते किसानों का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। अब देखना यह होगा कि ‘भजन’ के जरिए सरकार और बिजली विभाग के कानों तक पहुंची इस गूंज के बाद ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m