संजय वाणी, आलीराजपुर। खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जिले में उर्वरक वितरण प्रभावित होने और किसानों के जगह-जगह भटकने को लेकर जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने प्रदेश सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाया हैं। उन्होंने आलीराजपुर कलेक्टर को पत्र लिखा है।
जोबट की कांग्रेस विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि “जिस समय किसान को अपने खेत और फसल की चिंता करनी चाहिए, उस समय वह खाद के लिए परेशान हो रहा है। सरकार और विभाग की व्यवस्थागत खामियों का खामियाजा आखिर किसान क्यों भुगते? उन्होंने कहा कि भारत सरकार के iFMS पोर्टल और उर्वरक विक्रेताओं के वास्तविक स्टॉक के Reconciliation (मिलान) की प्रक्रिया के कारण उर्वरक वितरण प्रभावित हुआ है। सरकारी प्रक्रिया अपनी जगह है, लेकिन इसका सीधा असर किसानों पर नहीं पड़ना चाहिए।”
यह स्वीकार नहीं किया जा सकता
उन्होंने आगे कहा कि “किसान घंटों लाइन में खड़ा रहे, खाद के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान भटके और समय पर खाद नहीं मिलने से उसकी फसल खराब होने की नौबत आए, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार तत्काल व्यवस्था सुधारे और प्रत्येक जरूरतमंद किसान तक पर्याप्त खाद पहुंचाना सुनिश्चित करे।”
कलेक्टर से की ये मांग
विधायक सेना पटेल ने कलेक्टर से मांग की कि शासन स्तर पर तत्काल आवश्यक स्वीकृति और कार्रवाई कर अलीराजपुर जिले में किसानों को बिना परेशानी के पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “किसानों के हक की खाद समय पर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों को उनके अधिकार के लिए भटकने नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो किसानों के हित में उनकी आवाज और मजबूती से उठाई जाएगी। किसान परेशान है तो हम चुप नहीं बैठेंगे। किसान के हक और फसल की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेंगे।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


