न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। कुछ दिन पहले ओसीएम पोखरी डैम में एक 18 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में पानी में तैरता हुआ मिला था। शव की कमर में रस्सी से रेत भरी बोरी बंधी हुई थी, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। मृतक की पहचान ग्राम छोहरी निवासी सनि सहीस के रूप में हुई। मृतक के पिता रंजू सहीस की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने जब संदिग्धों से पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
READ MORE: महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा: बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी, मचा हड़कंप
जांच में सामने आया कि सनि सहीस का आरोपी की सगी भांजी के साथ पिछले तीन से चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते की जानकारी लड़की के परिजनों को थी और उन्होंने कई बार सनि को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर लड़की के मामा ने अपने साथी, चचेरे भाई और पड़ोसी के साथ मिलकर सनि की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने युवक को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बड़ी पुलिया के पास ले गए और रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
READ MORE: महिला प्रधान आरक्षक का घर में मिला जला हुआ शव, पेट्रोल डलवाने निकली थी दीपा, जांच शुरू
हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने शव की कमर में रेत भरी बोरी बांधी और उसे ओसीएम पोखरी डैम में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, रस्सी, मृतक का मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की है।

